लाइव देवभूमि भारत संवादाता चमोली -उत्तराखंड
उत्तराखंड में इन दिनों मौसम में भारी बदलाव देखने को मिल रहा है। जिसके चलते अधिकांश हिस्सों में बारिश , ओलावृष्टि के साथ आकाशीय बिजली देखने को मिल रही है। हालांकि मौसम में हुआ बदलाव अब लोगों के लिए मुसीबत बनने लगा है। ऐसी ही कुछ दुखद खबर चमोली जिले से सामने आ रही है, जहां पर आकाशीय बिजली गिरने से 500 बकरियों की मौत हुई है। इस घटना के कारण भेड़पालको को लाखों का नुकसान हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार चमोली जिले के दशोली के निजमुला घाटी गौणा भनाली तोक मे बीते रविवार की देर रात आकाशीय बिजली गिरने से भेड़पालकों को लाखों का नुकसान हुआ है। दरअसल निजमुला घाटी के भनाली तोक मे एक दर्जन से अधिक भेडपालकों की करीब 500 बकरियों की मौत हुई है।
इस घटना में राकेश सिंह हुकुम सिंह और मदन लाल समेत कई भेडपालकों को भारी नुकसान हुआ है, जिससे उनके परिवार में मायूसी छा गई है। पीड़ित पशुपालकों का कहना है कि एक झटके में उनकी सालों की मेहनत खत्म हो गई। इतना ही नही बल्कि अब उनके सामने परिवार चलाने का संकट भी खड़ा हो गया है। भेड़पालकों ने जिला प्रशासन से नुकसान का आकलन कर जल्द मुआवजा देने की मांग की है।
प्रशासन ने करी लोगों से सतर्क रहने की अपील
बताते चले चमोली जिले मे आज 4 मई और 5 मई को तेज बारिश ओलावृष्टि की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। बताया जा रहा है कि चमोली की निजमुला घाटी भेड़ पालन का सबसे बड़ा क्षेत्र है ।जहां पर ग्रामीण अपनी आजीविका का मुख्य साधन इसे ही मानते हैं। लेकिन रविवार की देर रात को बारिश ने भेड़पालको के लिए नई समस्या खड़ी कर दी। बारिश का ऑरेंज अलर्ट देखते हुए प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।









